बीकानेर के बज्जू क्षेत्र में 954 आरडी बीकमपुर रोड पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय बाइक पर तीन युवक सवार थे।
सड़क हादसे में जाटावास, बज्जू निवासी लेखराम (20) पुत्र मानाराम जाट और बीठनोक निवासी बलदेव (22) पुत्र रामेश्वरलाल ब्राह्मण की मौत हो गई। वहीं, जाटावास, बज्जू निवासी मोहन (18) पुत्र टीकूराम जाट गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक पर 954 आरडी बीकमपुर रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक-डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर बज्जू पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि डंपर की टक्कर बाइक में आगे से लगी या पीछे से। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पंचायत चुनाव के काम से लौटे थे
फूलासर छोटा ग्राम पंचायत में पंचायत चुनाव के चलते एक प्रत्याशी के यहां हलवाई का काम कर रहे थे। रात को काम निपटाकर वापस लौट रहे थे। इसी बीच ये हादसा हो गया।
बीठनोक निवासी बलदेव ब्राह्मण का विवाह दो साल पहले हुई थी और एक छोटी बेटी का पिता है। उसके निधन के बाद से घर में मातम छाया हुआ। लेखराम अपने भाई बहनों में सबसे छोटा था और अविवाहित था।
मोहन ने कूदकर बचाई जान
इस हादसे में तीसरे युवक मोहन जाट ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई। दरअसल, टक्कर से ठीक पहले वो संभवत: तीनों में सबसे पीछे बैठा था। जैसे ही टक्कर लगी, वो नीचे कूद गया। जिससे वो डंपर की चपेट में आने से बच गया।