बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव में मंगलवार रात युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। गांव की मेन चौपाल पर उत्तरादा कुएं के पास रात करीब 10:15 बजे 28 साल के नेमीचंद लूखा के सीने में चाकू घोंप दिया गया। गंभीर हालत में उसे उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां खून ज्यादा बहने के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रात करीब 3 बजे आरोपी के पिता को डिटेन किया है।
पीछे से पकड़कर सीने में चाकू घोंपने का आरोप
जानकारी के अनुसार, मृतक नेमीचंद पुत्र हरिराम लूखा गांव में बोलेरो गाड़ी चलाकर सवारियों को श्रीडूंगरगढ़ से जालबसर लाने-ले जाने का काम करता था। आरोप है कि गांव के ही कालूराम जाट ने मंगलवार रात उसके सीने में बांई तरफ चाकू मार दिया। वारदात के समय आरोपी नशे में था। हालांकि, घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है।
रात में ही थाने पहुंचे ग्रामीण, सख्त कार्रवाई की मांग
हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण थाने पहुंचे और थानाधिकारी से मिले। ग्रामीणों ने गांव में हुई इस वारदात पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटनास्थल से दो गली दूर मृतक का घर है, जबकि पास में ही आरोपी की दुकान भी बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश और हत्या के कारणों की जांच में जुटी है।